आज साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण लग रहा है. हिंदू धर्म में चंद्र ग्रहण को सिर्फ खगोलीय घटना नहीं, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है. जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और उसकी छाया चंद्रमा पर पड़ती है, तब चंद्र ग्रहण होता है. इस दौरान चंद्रमा का रंग हल्का लाल या तांबे जैसा दिखाई देता है, इसलिए इसे ‘ब्लड मून’ भी कहा जाता है.
पंचांग के अनुसार, यह ग्रहण सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में लग रहा है. भारतीय समय के अनुसार ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा, लेकिन उस समय भारत में चंद्रमा दिखाई नहीं देगा. भारत में चंद्रमा का उदय शाम लगभग 6:26 से 6:32 बजे के बीच होगा और उसी समय ग्रहण का अंतिम चरण चल रहा होगा. ग्रहण करीब 6:46 से 6:47 बजे के बीच समाप्त हो जाएगा. यानी भारत में यह चंद्र ग्रहण केवल 15 से 20 मिनट के लिए ही दिखाई देगा.
धार्मिक मान्यता के अनुसार, चंद्र ग्रहण का प्रभाव सभी राशियों और व्यक्तियों पर पड़ता है. ग्रहण के समय मंत्र जाप और भगवान का स्मरण करना शुभ माना जाता है, जबकि खाना बनाना, भोजन करना और शुभ कार्य शुरू करना वर्जित बताया गया है. ग्रहण से पहले सूतक काल भी लगता है, जिसे अशुभ समय माना जाता है. सूतक काल में विशेष सावधानी बरतने और भगवान का नाम लेने की सलाह दी जाती है.
आइए जानते हैं सूतक काल कब से शुरू होगा, ग्रहण के दौरान क्या करें और क्या न करें और ग्रहण के बाद किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
Chandra Grahan 2026: कब खत्म होगा सूतक काल?
सूतक उस अवधि को कहा जाता है जो ग्रहण शुरू होने से कुछ घंटे पहले लगती है और ग्रहण समाप्त होने तक रहती है. सूतक की गणना ग्रहण के प्रकार पर निर्भर करती है. यदि चंद्र ग्रहण है, तो सूतक ग्रहण शुरू होने से ठीक 9 घंटे पहले लग जाता है.
3 मार्च को सुबह 6 बजकर 23 मिनट से सूतक काल शुरू हो चुका है, इसका समापन शाम 6 बजकर 46 मिनट पर होगा.
Chandra Grahan 2026: चंद्र ग्रहण 2026 की अवधि
- चंद्र ग्रहण की शुरुआत- दोपहर 3 बजकर 20 मिनट
- चंद्र ग्रहण समाप्त- शाम 6 बजकर 46 मिनट
- ग्रहण की कुल अवधि- लगभग 3 घंटे 27 मिनट रहेगी
- भारत में कब दिखेगा ग्रहण- शाम 05 बजकर 59 के बाद
चंद्र ग्रहण में किन मंत्रों का जाप करें?
महामृत्युंजय मंत्र
ॐ त्र्यम्बकं यजामहे
सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्
उर्वारुकमिव बन्धनान्
मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्
गायत्री मंत्र
ॐ भूर्भुवः स्वः
तत्सवितुर्वरेण्यं
भर्गो देवस्य धीमहि
धियो यो नः प्रचोदयात्
भारत में आज कहां नजर आएगा चंद्र ग्रहण?
चंद्र ग्रहण आज शाम को दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, हैदराबाद, पटना, भुवनेश्वर, शिलॉन्ग, कोहिमा, गुवाहाटी, इम्फाल और ईटानगर में नजर आएगा.

