गया : जिले के मानपुर इलाके में शुक्रवार रात एक बड़ी कार्रवाई में नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। संयुक्त टास्क फोर्स ने तीन दिनों तक गुप्त निगरानी के बाद छापेमारी कर करीब 27 लाख रुपये मूल्य की नकली दवाएं, इंजेक्शन और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया।
यह कार्रवाई भुसुंडा स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल के पास संचालित लाइव केयर साइंस प्राइवेट लिमिटेड नामक फैक्ट्री में की गई। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री ममता देवी के नाम से पंजीकृत थी।
दिल्ली और जिला औषधि प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
राज्य औषधि नियंत्रक नित्यानंद किसलय के निर्देश पर सहायक औषधि नियंत्रक विजय कुमार की अगुवाई में छापेमारी की गई। इस दौरान दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम भी मौजूद रही।
टीम ने ट्रामाडोल, डिलोना सहित कई संदिग्ध दवाओं के पाउडर, टैबलेट और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, यहां बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी अरुण कुमार को गया से गिरफ्तार किया गया। वह पटना के पाटलीपुत्र कॉलोनी का निवासी बताया जाता है। छापेमारी के बाद उससे प्रारंभिक पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे दिल्ली टास्क फोर्स के हवाले कर दिया गया। शनिवार को दिल्ली पुलिस उसे अपने साथ दिल्ली ले गई।
जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
संयुक्त अभियान में स्थानीय औषधि निरीक्षक ईश भारद्वाज, शशिभूषण कुमार, सुनील कुमार और वसीम अख्तर सहित कई अधिकारी शामिल थे। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच से एसआई विकास दीप और एएसआई सांभर यादव ने भी कार्रवाई में भाग लिया।

