रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा मंदिर स्थित छिलका पुलिया से बिहार के दो युवक बाइक समेत डूब गये. गोताखोर व स्थानीय लोगों ने काफी जद्दोजहद कर दोनों युवकों की जान बचायी. ये युवक नशे में थे.
जानकारी के अनुसार बिहार के रोहतास जिले के बड़की अखाड़ा निवासी अक्षय कुमार राय एवं दरभंगा जिले के कटका निवासी सुनील कुमार रविवार को रजरप्पा मंदिर पहुंचे थे. इस बीच बाइक से दोनों युवक छिलका पुलिया पार कर रहे थे. जहां पानी की तेज धार में दोनों बाइक समेत बह गये. इस बीच परमेश्वर यादव उर्फ मिंटू ने दोनों को डूबते हुए देख लिया. इसके बाद उन्होंने नदी में छलांग लगा कर ग्रामीणों की मदद से दोनों को बचा लिया.
बताया जाता है कि दोनों युवक शराब के नशे में धुत थे. नदी से निकालने के बाद दोनों युवकों को रजरप्पा ओपी पुलिस के हवाले कर दिया गया. बाद में पुलिस ने दोनों युवकों को छोड़ दिया. इस संदर्भ में परमेश्वर ने बताया कि दोनों युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही वे अपनी जान की परवाह किये बगैर दोनों को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े. उन्होंने बताया कि दोनों युवकों को बचाने के बाद बाइक को भी दामोदर नद से कुछ दूरी पहले निकाल लिया गया.

