देश में नक्सलियों और अपराधिक गिरोहों को हथियारों की सप्लाई करने वाले तस्करों के खिलाफ झारखंड एंटी टेरिरिस्ट स्क्वॉयड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई की है। देश के पांच राज्यों बिहार, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 5 तस्करों को अरेस्ट किया गया है।
इसमें पंजाब के फिरोजपुर के BSF-116 बटालियन के हेड कांस्टेबल कार्तिक बेहरा भी शामिल है। इसके अलावा बिहार के सारण से 114 बटालिय से स्वैच्छिक सेवनानिवृति लेने वाला अरुण कुमार सिंह, MP से कुमार गुरलाल ओचवारे, शिवलाल धवन सिंह चौहान, हिरला गुमान सिंह ओचवारे शामिल है।
इनके पास से 9 हजार राउंड से ज्यादा कारतूस, 14 आधुनिक पिस्टल, 21 मैगजीन सहित कई सामान बरामद किए गए हैं। इस पूरे अभियान में अब तक कुल नौ लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है। इनमें बीएसएफ का एक जवान और एक रिटायर जवान भी शामिल है। झारखंड ATS के SP प्रशांत आनंद और IG अभियान एवी होमकर ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
MP और महाराष्ट्र के बॉर्डर से देश भर में होती थी सप्लाई
IG अभियान एवी होमकर ने बताया कि इनके नेक्सस का मुख्य केंद्र MP और महाराष्ट्र का बॉर्डर था। महाराष्ट्र के बुलढ़ाना जिला और एमपी का बुरहानपुर जिला स्थित एक जगह पर इनका पूरा एक सेट अप था। इसमें हथियार निर्माण करने की फैक्ट्री भी थी। यहां हथियार तैयार कर अपने नेटवर्क के माध्यम से अलग-अलग जगहों पर सप्लाई कर रहे थे।
देश भर में हथियारों की करता था सप्लाई
IG अभियान ने कहा कि यह गिरोह झारखंड सहित पूरे देश में नक्सलियों और संगठित अपराधियों को हथियार की सप्लाई करता था। ATS के एसपी प्रशांत आनंद ने बताया कि इस गिरोह का किंगपिन बीएसएफ के 116 बटालियन से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुका अरुण कुमार है। एटीएस की टीम ने उसकी निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से लोगों की गिरफ्तारी की गई है।
अन्य एजेंसियों ने भी शुरू की कार्रवाई
IG ने बताया कि इस गिरोह से कई और लिंक मिले हैं। इके आधार पर देश की दूसरी सुरक्षा एजेंसियां कई ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं। इस पूरे अभियान का नेतृत्व एएसपी कपिल चौधरी कर रहे थे।

