Ranchi : झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग ने JBVNL के प्रस्ताव पर विचार करने के बाद बिजली के दर में वृद्धि की है. इससे झारखंड के घरेलू (शहरी) उपभोक्ताओं को अब 6.85 रुपये प्रति यूनिट के बदले 7.40 रुपये की दर से भुगतान करना होगा. आयोग ने औसतन 6.12 प्रतिशत की वृद्धि का फैसला किया है. जबकि किसी भी तरह के उपभोक्ता के लिए फिक्स चार्ज में बढ़ोतरी नहीं की गई है.
आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 2026-27 के लिए बिजली टैरिफ घोषित किया जा रहा है. इसमें ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली प्रति यूनिट 6.70 रुपये से बढ़ा कर 7.20 रुपये प्रति यूनिट कर दिया गया है. हालांकि फिक्स चार्ज को पहले की तरह 75 रुपया ही रखा गया है.
शहरी घरेलु उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर प्रति यूनिट 6.85 रुपये से बढ़ाकर 7.40 रुपया कर दिया गया है. जबकि फिक्स चार्ज को 100 रूपया ही रहने दिया गया है.
घरेलू एचटी उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर 6.40 रुपये प्रति यूनिट से बढ़ाकर 7.20 रुपया कर दिया गया है. लेकिन फिक्स रेट ( 150 रु) में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है. ग्रामीण कॉमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर प्रति यूनिट 6.20 रुपया से बढ़ाकर 6.70 रुपया कर दिया गया है. फिक्स रेट पहले की तरह 120 रूपये ही रहेंगे.
शहरी क्षेत्र के कॉमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर 6.70 रुपये प्रति यूनिट से बढ़ाकर 7.30 रुपया किया गया है. जबकि फिक्स चार्ज को 200 रुपये की रखा गया है. इसमें किसी तरह की वृद्धि नहीं की गई है. एचटी कॉमर्शियल के लिए प्रति यूनिट 8.00 रुपया निर्धारित किया गया है, फिक्स रेट को 400 रुपया रखा गया है.
इडस्ट्रीयल लो टेंशन में बिजली दर 6.10 रुपये से बढ़ाकर 6.60 रुपया किया गया है. औद्योगिक ईकाइयों के लिए बिजली 5.90 रुपये से बढ़ाकर 6.40 रूपया कर दिया गया है. जबकि स्पेशल सर्विस का रेट 5.25 रुपये से बढ़ाकर 5.80 रुपया कर दिया गया है.
स्ट्रीट लाइट का दर 7.00 रुपये से बढ़ाकर 7.60 रुपया किया गया है.

