दिल्ली के व्यस्त धौला कुआं इलाके में रिंग रोड पर हुए सड़क हादसे में भारत सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग (DEA) के डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई। नवजोत अपनी पत्नी के साथ बंगला साहिब गुरुद्वारा से हरि नगर अपने घर लौट रहे थे, तभी एक BMW कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में नवजोत और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को न्यूलाइफ हॉस्पिटल, जीटीबी नगर में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने नवजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे में BMW कार की महिला चालक और उनके पति भी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस ने कार जब्त कर ली है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कार सवार दंपति गुरुग्राम के रहने वाले हैं।