हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी मामले में नया मोड़ आया है. चोरी हुई 200 सिलेंडरों में से 120 अस्पताल के ही विभिन्न वार्डों से मिले हैं. पिछले दो दिनों में इतने सिलेंडरों की बरामदगी हुई है. अब इस मामले में अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं.
चोरी का मामला सामने आने के साथ ही अस्पताल प्रबंधन ने मंगलवार को पुलिस में मामला दर्ज करा दिया. पुलिस ने बुधवार को अस्पताल में कार्यरत एजेंसी के सुपरवाईजर समेत दो वार्ड बॉय को गिरफ्तार कर लिया. थाने से सुरवाईजर व अन्य को बांड भरकर छोड़ दिया गया. वहीं एक वार्ड ब्वाय को पुलिस ने अलग से गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ चल रही है.
मामले में कई सफेदपोश की संलिप्ता उजागर होती उससे पहले ही एक नए मोड़ ने सबको चौका दिया. अस्पताल प्रबंधन की ओर से सभी वार्डो में बुधवार को दिनभर खोज प्रारम्भ की तो चोरी हुए 90 ऑक्सीजन सिलेंडर मिले. सूत्र बता रहे कि गुरुवार को भी 30 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद हुई है.
ऐसे में अब सवाल यह जरूर उठने लगे है कि आखिर इतनी जल्दबाजी में अस्पताल प्रबंधन ने मामले क्यों दर्ज कराए. जांच में बड़े लोगो के नाम उजागर न हो इसको लेकर ग़ायब ऑक्सीजन सिलेंडर को अस्पताल के विभिन्न वार्डो में तो नहीं रखवा दिया गया. हालांकि, पुलिस की जांच जारी है.

