झारखंड के टुंडी में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने शराबी पति से तंग आकर उसकी हत्या कर दी और शव को अपने ही घर के अंदर कमरे में गाड़ दिया। घटना टुंडी थाना क्षेत्र के तिलैयाटांड गांव की है। सूचना पाकर टुंडी पुलिस गांव शुक्रवार की शाम को तिलैयाटांड़ पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसने हत्या की बात कबूल भी कर ली है। मजिस्ट्रेट की निगरानी में रात में शव निकालने की प्रक्रिया जारी है।
दरअसल टुंडी का रहनेवाला 45 वर्षीय सुरेश हांसदा पिछले कई दिनों से लापता था। उसकी पत्नी सुरजी मंझियाइन से पूछने पर वह सबको अलग-अलग जवाब देती थी। इससे लोगों को संदेह होने लगा। उसके घर के पास से गुजरने पर दुर्गंध भी आती थी।
इधर 10 दिन पूर्व सुरेश के चाचा का देहांत हो गया था। अंतिम संस्कार में वह नहीं गया था तो रिश्तेदारों ने पूछताछ की, लेकिन सुरजी ने पति के बाहर जाने की बात कहकर टाल दिया। दशकर्म में भी जब सुरेश नहीं पहुंचा तो रिश्तेदारों को अनहोनी की आशंका हुई। पत्नी बार-बार टाल-मटोल कर रही थी। शुक्रवार को रिश्तेदार और गांव के कुछ युवक जबरन उसके घर में घुस गए। इसके बाद तेज बदबू से आशंका और भी पुष्ट हो गई।
हत्या की बात कबूली
लोगों ने शुक्रवार की शाम को टुंडी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पत्नी सुरजी से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में वह टूट गई और हत्या कर बात कबूल कर ली। बताया कि उसने ही पति सुरेश हांसदा की हत्या कर कमरे में गाड़ दिया था। यह घटना दस दिन पूर्व की है। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीकर करता था मारपीट, दूसरों से था संबंध
पुलिस की पूछताछ में सुरजी ने बताया कि पति सुरेश हांसदा अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। उसने सुरेश के दूसरी महिला से संबंध होने की भी बात कही, जिसके कारण अक्सर घर में विवाद होता था और बात मारपीट तक पहुंच जाती थी। दस दिन पहले मारपीट के दौरान दिन हादसे में उसकी मौत हो गई। डर से उसने कमरे में गड्ढा करके पति के शव को गाड़ दिया।