Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर स्थित सोनारी थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती में बीती देर रात एक स्क्रैप टाल में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही टाटा स्टील और झारखंड अग्निशमन विभाग की कुल छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी मात्रा में स्क्रैप जलकर राख हो गया।
पटाखे से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पटाखा बताया जा रहा है। दीपावली के आसपास की गतिविधियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि किसी जलते हुए पटाखे या चिंगारी से स्क्रैप में आग भड़क गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्क्रैप टाल में काफी मात्रा में प्लास्टिक, कागज और अन्य ज्वलनशील सामान जमा था, जिस वजह से आग तेजी से फैली और विकराल रूप ले लिया।
इस अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।