रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत देवघर, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, बोकारो में बुधवार की शाम झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम काफी सुहाना हो गया और ठंडापन महसूस किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. आज भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
आज भीषण वज्रपात की चेतावनी
झारखंड में आज कुछ जिलों में वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. इनमें रांची, देवघर, बोकारो, रामगढ़, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह और खूंटी शामिल हैं. यहां बारिश के साथ 50-60KM की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान चलने की चेतावनी जारी की गई है. साथ ही लोगों को संभलकर रहने की हिदायत दी गई है, खासकर दोपहर 2 बजे के बाद मौसम बदलने की संभावना है.