रांची रेल मंडल ने रांची-लोहरदगा रेलखंड पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक और मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का पांचवां फेरा शुरू हो जाएगा। रांची-लोहरदगा रेलखंड पर प्रतिदिन लगभग 12 से 13 हजार यात्री आवागमन करते हैं।
वर्तमान में इस रूट पर तीन मेमू ट्रेनें सीधे लोहरदगा तक चलती हैं, जबकि एक ट्रेन टोरी तक जाती है। हर मेमू में 12 कोच होते हैं, लेकिन यात्रियों की अधिक संख्या के कारण अधिकांश ट्रेनों में भीड़ बनी रहती है। कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ता है और कई को सीट तक नहीं मिल पाती।
पहले से पूरी है तैयारी
रेल मंडल ने अतिरिक्त ट्रेन चलाने के लिए पहले से तैयारी कर रखी है। मेमू रैक की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है, ताकि स्वीकृति मिलते ही संचालन शुरू किया जा सके।
टिकट जांच होगी सख्त
यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए टिकट जांच को भी सख्त किया जाएगा। टीटीई और आरपीएफ की टीमों को निर्देश दिए जाएंगे कि बिना टिकट यात्रा करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करें, जिससे नियमित यात्रियों को परेशानी न हो।
डीआरएम का बयान
रांची-लोहरदगा के बीच पांचवां फेरा शुरू करने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। मेमू रैक की व्यवस्था कर ली जाएगी, जिससे संचालन में कोई परेशानी नहीं होगी।
-केएन सिंह, डीआरएम, रांची रेल मंडल
वर्तमान में चल रही ट्रेनें (रांची-लोहरदगा रूट)
सुबह 5:15 बजे – 6:45 बजे – 68017 रांची-लोहरदगा मेमू
सुबह 8:55 बजे – 11:30 बजे – 68027 रांची-टोरी मेमू
दोपहर 2:55 बजे – 4:20 बजे – 68039 रांची-लोहरदगा मेमू
संध्या 6:40 बजे – 8:10 बजे – 68037 रांची-लोहरदगा मेमू

