जमशेदपुर : सरायकेला जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के टाटा-रांची हाइवे (NH-33) पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। दारुदा के पास तेज़ रफ्तार मारुति ईको कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में मृतक की पहचान 41 वर्षीय देवव्रत प्रधान के रूप में हुई है। उनका शव कार में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे गैस कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
इस दुर्घटना में कार सवार बाप-बेटे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में 63 वर्षीय सत्यव्रत प्रधान और उनके बेटे 37 वर्षीय मनोज प्रधान की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। दोनों को चांडिल सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि कार सवार रांची से कोलकाता जा रहे थे। हादसे के बाद हाइवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस ने वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया।