लातेहार पुलिस के समक्ष जेजेएमपी संगठन के दो उग्रवादियों ने बुधवार को आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें गुमला जिले का निवासी पांच लाख का इनामी सब जोनल कमांडर ब्रजेश यादव और लातेहार के हेरहंज का रहनेवाला एरिया कमांडर अवधेश लोहरा शामिल है।
पलामू आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने दोनों उग्रवादियों का समाज की मुख्य धारा में शामिल होने पर स्वागत किया। साथ ही कहा कि झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण नीति काफी बेहतर है। इसका लाभउठाकर उग्रवादी अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले में वर्ष 2025 में अबतक 21 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है, इनमें कई इनामी भी हैं। यह बड़ी उपलब्धि है। वहीं लातेहार एसपी कुमार गौरव में कहा कि लातेहार जिले में अब मात्र 4 से 5 उग्रवादी ही बचे हैं। बचे उग्रवादियों के पास मार्च 2026 तक का समय है।
लातेहार एसपी ने स्पष्ट कहा कि मार्च 2026 तक लातेहार जिले को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाया जाएगा। उग्रवादी या तो आत्मसमर्पण करेंगे या फिर मारे जाएंगे। इस मौके पर सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट राजेश सिंह, सीआरपीएफ के कमांडेंट यादराम बुनकर समेत अन्य उपस्थित थे।

