Ranchi : झारखंड विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने बैकलॉग नियुक्ति का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि राज्य में अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के बैकलॉग पदों को अगली भर्ती प्रक्रिया में फिर से गिना जाता है.
आरक्षित वर्गों के हजारों पद वर्षों से खाली पड़े हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं. उन्होंने सरकार से स्पष्ट नीति और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया की मांग की.
कहा कि इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लंबे समय से लंबित बैकलॉग नियुक्तियों का समाधान हो सके.
इस पर सरकार की ओर से जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों में 50,000 से अधिक बैकलॉग रिक्तियों की बात सही नहीं है. सरकार बैकलॉग नियुक्ति पर काम कर रही है. इन पदों को भरने के लिए विभागवार अलग से नियुक्ति निकली जाती है.
सरकार ने आश्वस्त किया कि आरक्षण नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए बैकलॉग पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा. राज्य सरकार ने यह भी संकेत दिया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.

