बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच एक बड़ा मामला सामने आया है। विशेष निगरानी इकाई ने शिवहर के DDC यानी उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे प्रशासनिक तंत्र में हलचल मच गई है और अधिकारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
क्या है पूरा मामला
निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) के तहत DDC बृजेश कुमार पर कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने अपने सेवा काल के दौरान अलग-अलग पदों पर रहते हुए अपनी आय से कहीं ज्यादा संपत्ति इकट्ठा की। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बृजेश कुमार के पास लगभग 1 करोड़ 84 लाख 32 हजार 900 रुपये की ऐसी संपत्ति है, जिसका कोई वैध स्रोत नहीं बताया जा सका है। यानी यह रकम उनकी घोषित आय से काफी ज्यादा है।

