राजपाल यादव ने कोर्ट के आदेश के बाद 6 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. उन्होंने कहा था- क्या करूं, चुकता करने के लिए पैसे नहीं हैं. आर्थिक तंगी है. कोई ऐसा दोस्त नहीं है जो मदद कर सके. अब बॉलीवुड के दिलेर हीरो सोनू सूद ने आगे आकर राजपाल की मदद करने का निर्णय लिया है और दूसरों से भी आगे आने की अपील की है. अभिनेता इस बात से बहुत दुखी हैं कि दशकों से सबको गुदगुदाने वाला अभिनेता पैसों की तंगी से जूझ रहा है और जेल की सलाखों के पीछे है. अभिनेता को सपोर्ट करते हुए सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं जिन्होंने सालों से इंडस्ट्री में योगदान दिया है. कभी-कभी जीवन में ऐसा वक्त आता है जब क्रूर वक्त की वजह से आपके साथ अन्याय हो जाता है.
सोनू ने कहा कि राजपाल यादव मेरी अगली फिल्म का हिस्सा होंगे और मेरा मानना है कि हम सभी के लिए प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और सहकर्मियों के लिए एक साथ आने का वक्त है. उन्होंने ये भी लिखा ये फ्यूचर के लिए एक साइनिंग अमाउंट हैं. दान नहीं बल्कि सम्मान है. जब हमारे बीच में से किसी व्यक्ति तो अकेले बुरे वक्त से गुज़रना पड़ता है तो इंडस्ट्री को याद दिलाना चाहिए कि वो अकेला नहीं है. हम सब एक इंडस्ट्री से कहीं ज्यादा हैं. यूजर्स भी सोनू के इस पोस्ट का सपोर्ट कर रहे हैं.
राजपाल यादव की फिल्में
राजपाल यादव ‘सी कंपनी’, ‘भूल-भूलैया’, ‘अपना-सपना मनी-मनी’, ‘चुप-चुप के’ जैसी 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. अभिनेता ने सिर्फ कॉमेडी से नहीं, बल्कि गंभीर किरदारों से भी फैंस का दिल जीता है.
क्या है मामला?
बता दें, राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ का कर्ज लिया था. लेकिन फिल्म बुरी तरह पिट गई. जिस वजह से अभिनेता को काफी नुकसान हुआ था और वो अपना कर्ज चुकता नहीं कर पाए थे. इसे लेकर उन्हें 6 महीने जेल की सजा भी सुनाई गई थी. उन्होंने कोर्ट के इस फैसले को चैलेंज भी किया था. लेकिन बार-बार जब वो कर्ज की रकम अदा नहीं कर पाए तो कोर्ट ने उन्हें जेल की सजा सुना दी.
राजपाल यादव के करियर का अहम मोड़?
सोनू सूद की फिल्म में काम मिलना राजपाल यादव के करियर के लिए एक नई उम्मीद बन सकता है. कॉमेडी से लेकर कैरेक्टर रोल तक राजपाल की पहचान मजबूत रही है और ये मौका उनके लिए एक अच्छा कमबैक साबित हो सकता है.

