राँची: ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) कार्यालय में कथित मारपीट के आरोपों को लेकर मामला अब और गंभीर होता दिख रहा है। सोमवार को सिटी डीएसपी एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को लेकर ईडी ऑफिस पहुँचे, जहाँ सदर डीएसपी के नेतृत्व में अंदर जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई चुटिया निवासी संतोष कुमार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद की जा रही है। संतोष कुमार ने आरोप लगाया है कि पूछताछ के दौरान ईडी अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की, जिसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अब हर एंगल से जांच में जुट गई है। एफएसएल टीम द्वारा मौके पर मौजूद साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी कार्यालय के भीतर की गतिविधियों और पूछताछ प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक और जांच एजेंसियों के बीच हलचल मचा दी है।
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या निष्कर्ष सामने आता है और क्या ईडी अधिकारियों पर लगे आरोप सही साबित होते हैं या नहीं।

