नगजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच स्थित रेलवे पुल संख्या 115 (किमी 484/12-16) में दरार आने के कारण रांची–लोहरदगा–टोरी रेलखंड पर रेल परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
पुल की मरम्मत पूरी होने तक इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन कर दिया है। अब ये ट्रेनें वैकल्पिक मार्ग से चलाई जाएंगी।
सासाराम–रांची इंटरसिटी का बदला मार्ग
रेलवे के अनुसार 10 से 15 मार्च तथा 17 से 20 मार्च तक चलने वाली ट्रेन संख्या 18636 सासाराम–रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस टोरी–बरकाकाना–मेसरा–टाटीसिलवे मार्ग से रांची पहुंचेगी।
इसी तरह 9 से 14 मार्च और 16 से 20 मार्च तक ट्रेन संख्या 18635 रांची–सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस टाटीसिलवे–मेसरा–बरकाकाना–टोरी मार्ग से सासाराम तक संचालित होगी।
राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 20408/20407 नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की करीब 10 ट्रेनों का मार्ग भी बदल दिया गया है। पुल की मरम्मत का कार्य अभी पूरा नहीं होने के कारण परिवर्तित मार्ग की अवधि को 20 मार्च तक बढ़ा दिया गया है।
इन मार्गों से चलेंगी ट्रेनें
अब रांची–लोहरदगा–टोरी रेलखंड के बजाय ट्रेनें रांची–टाटीसिलवे–मेसरा–बरकाकाना–टोरी मार्ग से संचालित की जाएंगी। वहीं मुरी–रांची–लोहरदगा–टोरी मार्ग से चलने वाली कुछ ट्रेनें मुरी–रामगढ़ कैंट–बरकाकाना–टोरी मार्ग से चलाई जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुल की मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन सामान्य मार्ग से बहाल किया जाएगा।

