झारखंड में रांची और खूंटी समेत अन्य जिलों में देर रात 2 बजे से रुक-रुक कर झमाझम बारिश होने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं पश्चिम बंगाल में बने निम्न दबाव के कारण झारखंड के 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा और हजारीबाग के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में सभी स्कूल 12वीं तक बंद कर दिए गए हैं। मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया के कारण 14 जुलाई तक बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ट्रफ अमृतसर, चंडीगढ़, नजीबाबाद, शाहजहांपुर, कानपुर और डालटनगंज से गुजर रहा है। यह बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। पश्चिमी असम से तेलंगाना की ओर भी एक ट्रफ जा रहा है। गांगेय पश्चिम बंगाल में बना लो प्रेशर एरिया झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है।