राज्य के मेडिकल कालेजों, सदर अस्पतालों, अनुमंडल अस्पतालों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर प्रबंधन के लिए हॉस्पिटल मैनेजर के पदों पर दोबारा नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत अनुबंध पर कुल 201 पदों पर नियुक्ति के लिए फिर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है।
पूर्व में इस नियुक्ति प्रक्रिया को अपरिहार्य कारण बताते हुए रद कर दिया गया था। साथ ही नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई थी।
हॉस्पिटल मैनेजर के जिन 201 पदों पर नियुक्ति होगी, उनमें अनारक्षित श्रेणी के 81, आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी के 20, एसटी के 52, एससी के 20, बीसी-वन के 16, बीसी-2 के 12 पद सम्मिलित हैं। नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 मार्च से 30 मार्च तक भरे जाएंगे।
नियुक्त के लिए आवश्यक योग्यता हॉस्पिटल मैनेजमेंट या हेल्थ केयर में पीजी डिप्लोमा या हॉस्पिटल मैनेजमेंट या हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में एमबीए या पब्लिक हेल्थ केयर में स्नातकोत्तर निर्धारित हैं।
तीन वर्ष का अनुभव के अलावा कंप्यूटर तथा हॉस्पिटल मैनेजमेंट साफ्टवेयर की जानकारी भी होनी चाहिए। इन पदों पर नियुक्त अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 41 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।
बताया जाता है कि पूर्व में शुरू की गई नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी, जिसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया रद कर दी गई थी।
181 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की भी नियुक्ति
इधर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत ही स्पेशलिस्ट मेडिकल आफिसर के 181 पदों पर टेंडर से नियुक्ति की जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड द्वारा इसकी भी सूचना प्रकाशित कर दी गई है।
चिकित्सक इसके लिए 25 मार्च तक टेंडर भर सकते हैं। टेंडर में अधिकतम तीन लाख रुपये मानदेय तथा स्वास्थ्य संस्थानों का अधिकतम तीन विकल्प दिया जा सकेगा।
टेंडर में एल वन आनेवाले चिकित्सक की उक्त स्वास्थ्य संस्थान के लिए नियुक्ति की जाएगी। टेंडर के माध्यम से अनुबंध पर नियुक्ति होगी।
इस तरह, चिकित्सकों की मांग के अनुरूप मानदेय (अधिकतम तीन लाख) के अलावा मनचाही पोस्टिंग होगी।

