रांची: प्रदेश राजद (राष्ट्रीय जनता दल) में डॉ मनोज कुमार पूर्ववत अपनी भूमिका में बने रहेंगे. वे पहले की ही तरह प्रवक्ता पद पर अपने दायित्व का निर्वाहन करेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने इस संबंध में पार्टी को निर्देश जारी किया है. इसके बाद पार्टी के प्रधान महासचिव सह पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने 20 नवंबर को मीडिया में पत्र जारी कर इसकी सूचना दी है.
प्रदेश अध्यक्ष ने कर दिया था निष्कासित
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने डॉ मनोज सहित अन्य को पार्टी से बाहर किये जाने संबंधी आदेश जारी किया था. उनके अलावा पार्टी के 3 पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को पार्टी से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया था. इनमें डॉ मनोज कुमार के अलावा मनोज पांडेय (चुटिया, रांची), अनिल यादव (पिस्का मोड़, रांची) और विनोद यादव (नामकुम, रांची) शामिल थे. इन चारों को पार्टी से निकाले जाने का कोई कारण नहीं बताया गया था. केवल इतना कहा गया था कि राष्ट्रीय अध्य़क्ष के निर्देशानुसार इन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाता है.

