बोकारो : स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड सेल में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में इस तिमाही दो फीसद की बढ़ोतरी की जाएगी। नई दर एक जनवरी 2022 से प्रभावी होगी। इससे बोकारो इस्पात संयंत्र सहित कंपनी की अलग-अलग इकाई में कार्यरत लगभग 68 हजार संयंत्रकर्मी लाभान्वित होंगे। सेल प्रबंधन प्रत्येक तीन माह पर कंपनी में महंगाई भत्ता का लाभ अपने कर्मियों को बाजार की स्थिति पर तय करती है। इस तिमाही अक्टूबर से दिसंबर माह में खाद्य-पदार्थ समेत अन्य दैनिक वस्तुओं के मूल्य में वृद्धि् के कारण सेलकर्मियों का डीए बढ़ाया जा रहा है।
बढ़े हुए डीए के बाद अधिशासी व अनधिशासी का महंगाई भत्ता अब 27.2 फीसद से 29.2 फीसद हो जाएगा। कंपनी में अब दोनों संवर्ग की डीए की गणना एक समान होगी। ऐसा इसलिए की सेल में अधिकारी व कर्मचारी का वेतन समझौता पांच व 10 वर्ष के लिए अलग-अलग समय पर होती आ रही थी।
जहां अधिकारियों के लिए 10 साल व कर्मचारियों के लिए पांच साल का समय निर्धारित किया गया था। इस साल हुए वेतन समझौते में अधिकारी व कर्मचारी दोनों के लिए पे रिवीजन की अवधि 10 साल के लिए एक जनवरी 2017 से तय कर दी गई है। इसके कारण अधिशासी व अनधिशासी दोनों वर्ग के महंगाई भत्ता को अब समायोजित कर दिया गया है। इससे पूर्व अधिकारियों का पे रिवीजन दस साल पर होने के कारण कर्मचारियों से ज्यादा उनके डीए में बढ़ोतरी होती थी। 10 साल के पे रिवीजन पर समझौते के बाद अब दोनों संवर्ग महंगाई भत्ता के मामले में अब एक ही नियम के जद में आ गए है।

