रांचीः उत्तर भारत के कई हिस्सों में बर्फबारी और हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवा के कारण झारखंड का मौसम पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। रांची से सटे मैक्लुस्कीगंज का पारा माइनस में पहुंच गया। जबकि पिछले 24 घंटों के दौरान कांके का न्यूनतम तापमान दो डिग्री और खूंटी का न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड की वजह से जमी पर ओस की बूंदें जम गई।
मैक्लुस्कीगंज में लपरा निवासी एंग्लो समुदाय के नेल्सन पॉल बॉबी गॉर्डन ने बुधवार को अपने तापमान मापक यंत्र से न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। वहीं मैक्लुस्कीगंज के जोभिया स्थित राणा कंट्री कॉटेज में डिजिटल मीटर से न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री
रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा। शीतलहर के साथ घने कोहरे का भी असर दिख रहा है। डालटनगंज में सबसे कम विजिबिलिटी 300 मीटर रिकॉर्ड की गई, जबकि देवघर में विजिबिलिटी 600 मीटर रही। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि आज गुरुवार 8 जनवरी को पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां,पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ साथ रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला और बोकारो में शीतलहर की संभावना बनी रहेगी।
तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि संभव
मौसम विज्ञान विभाग के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले 8 और 9 जनवरी को न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों यानी 10, 11 और 12 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

