भारत में प्रीमियम पेट्रोल अब और महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने 20 मार्च यानी आज से इसके दाम में ₹2 से ₹2.30 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। पुणे में ‘स्पीड’ और ‘पावर’ पेट्रोल अब ₹111.68 से बढ़कर ₹113.77 प्रति लीटर हो गया है। इस बढ़ोतरी का असर खास तौर पर HPCL के ‘पावर पेट्रोल’ और IOCL के ‘XP95’ जैसे ब्रांड्स पर पड़ा है। हालांकि राहत की बात ये है कि आम उपभोक्ताओं के लिए रेगुलर पेट्रोल की कीमतें फिलहाल जस की तस रखी गई हैं। दरअसल, मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, खासकर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच हालात ने वैश्विक तेल बाजार को हिला दिया है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का सीधा असर अब भारत के प्रीमियम फ्यूल पर दिखने लगा है।

