चांडिल डैम में रविवार को नहाने के क्रम में डूबे पॉलिटेक्निक के छात्र 20 वर्षीय मोहम्मद साहिल का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया है। मृतक मोहम्मद साहिल रांची के रामगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। शव मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गयी है। जिसके बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर आठ दोस्त चांडिल डैम नहाने के लिए धनबाद और रांची के रहने वाले पहुंचे थे। लेकिन, डैम में नहाने के बाद एक दोस्त वापस नहीं लौटा। साथ गये दोस्तों ने घटना की जानकारी देर शाम चांडिल थाना की पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन की जा रही थी। इसी क्रम में सोमवार सुबह गोताखोरों की मदद से युवक के शव को डैम से बाहर निकाला गया।