कोयले के अवैध खनन के कारण धनबाद के बाघमारा प्रखंड के सोनारडीह टंडाबारी बस्ती में मंगलवार शाम भू-धंसान की चपेट में मिट्टी के बने तीन घर आ गए। इन घरों के जमींदोज होने से तीन लोग मलबे में फंस गए थे।
रेस्क्यू और बचाव दल ने मंगलवार-बुधवार की रात करीब दो बजे तीनों के शव बरामद किए। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सरिता देवी, 17 वर्षीय गीता कुमारी तथा 70 वर्षीय मोनू उरांव के रूप में हुई है। शवों को मलबे से निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH Dhanbad भेज दिया गया।
धनबाद के बाघमारा प्रखंड स्थित सोनारडीह टंडाबारी बस्ती में मंगलवार शाम अवैध कोयला उत्खनन के कारण अचानक भू-धंसान हो गया, जिससे तीन घर जमींदोज हो गए और आधा दर्जन घरों में दरारें पड़ गईं। हादसे में तीन लोग दब गए थे।
घटना के विरोध में रोड जाम और ओपी का घेराव
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सोनारडीह ओपी का घेराव कर एनएच-32 को जाम कर दिया। सूचना पर विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और राज्य सरकार व जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की।
घटनास्थल कोल इंडिया Coal India की अनुषंगी इकाई बीसीसीएल BCCL का खनन क्षेत्र है। यह क्षेत्र बीसीसीएल की एरिया-तीन (गोविंदपुर एरिया) के तहत आता है। अधिकारियों के आश्वासन के चार घंटे बाद रात में बीसीसीएल की रेस्क्यू टीम पहुंची और अभियान शुरू किया गया। रात दो बचे के आस-पास मलबे से तीन शवों को निकाला गया।

