राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं।
गुरुवार को मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले तीन दिनों तक यानी 7, 8 और 9 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
बताया गया कि 7 मार्च को राज्य के दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के साथ-साथ उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा और गिरिडीह के कुछेक हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
उत्तर पूर्वी हिस्सों में यह स्थिति 8 मार्च को भी बनी रहेगी। वहीं, 9 मार्च को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, कोडरमा, लोहरदगा और धनबाद के साथ साथ उत्तर पूर्वी क्षेत्र के जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।
तापमान में बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद कहते हैं कि 6 मार्च को राजधानी समेत पूरे राज्य में आसपास साफ रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा। राज्य में अगले दो दिनों 6 और 7 मार्च तक अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक यानी 8, 9 और 10 मार्च तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

