मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले में एक बार फिर जहरीली शराब ने कहर बरपाया है। तुरकौलिया इलाके में संदिग्ध हालात में हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर चार हो गया है, जबकि कई अन्य लोग अभी भी विभिन्न अस्पतालों में जीवन और मौत की जंग लड़ रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए SP स्वर्ण प्रभात ने तत्काल प्रभाव से तुरकौलिया थानेदार उमाशंकर मांझी को निलंबित कर दिया है। पुलिस की विशेष टीमें पूरे इलाके में सघन छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जो लोग बीमार हैं वे डरे नहीं और इलाज के लिए सामने आएं ताकि उनकी जान बचाई जा सके।
जहरीली शराब से अब तक 4 की मौत
शुक्रवार तक मरने वालों में परीक्षण मांझी, हीरालाल भगत, प्रमोद यादव और चंदू कुमार शामिल हैं। प्रमोद यादव के भाई ने इसे जहरीली शराब पिलाकर की गई हत्या करार दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने कहा कि पहली नजर में ये शराब सेवन का मामला है। कार्रवाई के तहत परसौना के चौकीदार भरत राय को भी गिरफ्तार किया गया।
मृतकों के नाम
- परीक्षण मांझी
- हीरालाल भगत
- प्रमोद यादव
- चंदू कुमार
सरगना नागा राय सहित 12 पकड़े गए
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब की बिक्री में शामिल मुख्य आरोपी नागा राय को दबोच लिया। अब तक इस मामले में कुल 12 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। फिलहाल सात लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। रघुनाथपुर थाने में इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

