दानापुर के तकियापर इलाके में गुरुवार देर शाम एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दर्जनभर से अधिक हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत
गंभीर हालत में युवक को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बहन की शादी में शामिल होने आया था घर
मृतक की पहचान बिट्टू उर्फ पालकियां (पिता – विनय कुमार सिंह) के रूप में हुई है। वह दिल्ली में ट्रक चालक का काम करता था और अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए तीन दिन पहले ही घर लौटा था।
घटना के दिन वह शाम को घर से निकला था, तभी बदमाशों ने उसे घेर लिया और संभलने का मौका दिए बिना बेरहमी से पिटाई कर दी।
घर में मचा कोहराम
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
हत्या से आक्रोशित लोगों ने तकियापर के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आगजनी भी की गई और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई गई।
स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
मौके से ईंट और लोहे की रॉड बरामद की गई है, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एफएसएल टीम भी जांच में जुटी है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस के अनुसार, कुछ युवकों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

