गिरिडीहः गिरिडीह में 24 घंटे के अंदर ही पति-पत्नी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव की है. जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस भी घटनास्थल पहुंची. जिसके बाद दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे मृतकों के करीबियों ने बताया कि विजय राय को पत्नी पर किसी और से संबंध होने का शक था. आशंका जताई जा रही है कि इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ जिसके बाद दोनों ने जान दे दी. बताजा जा रहा है कि मृतक मजदूरी कर अपना घर चलाता था. घर में दोनों के अलावा सिर्फ बुजुर्ग मां थी.
मृतका मालती देवी को लेकर उसका पति विजय राय सोमवार को ही ससुराल से अपने घर लौटा था. जिसके कुछ समय बाद ही महिला का शव फंदे से झूलता हुआ दिखाई दिया.
जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय मालती देवी ने सोमवार देर शाम सिमरिया गांव स्थित अपने ससुराल में फांसी लगाकर जान दी थी, जबकि मंगलवार की सुबह मालती के पति 28 वर्षीय विजय राय का शव सिमरिया के जंगल में पेड़ से झूलता हुआ मिला.
शव को गांव के कुछ चरवाहों ने देखा. जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. ग्रामीणों ने पुलिस के मौजूदगी में विजय राय के शव को पेड़ से उतारा. बताया जा रहा है कि महिला के मौत की जानकारी रात को ही पुलिस को दी गई थी.

