झारखंड के धनबाद जिले के निरसा में नये आउटसोर्सिंग में वर्चस्व को लेकर आज शनिवार को दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गये. इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया. इस दौरान कई लोग घायल हो गये. इनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. बीसीसीएल में दहीबाड़ी आउटसोर्सिंग में वर्चस्व स्थापित करने के लिए मासस व झामुमो के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये. इस दौरान जमकर लाठी-डंडे का प्रयोग किया गया. इसमें 20 से अधिक लोग घायल हो गये.
बताया जा रहा है कि मासस व झामुमो दोनों पक्षों के लोग नये आउटसोर्सिंग में वर्चस्व स्थापित करना चाहते हैं. इसे लेकर पहले से झारखंड मुक्ति मोर्चा का धरना चल रहा था. आज मासस के लोग भी जुलूस की शक्ल में वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे का प्रयोग किया गया. इसमें कई लोग घायल हो गये. इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कालूबथान पुलिस को भी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा.

