जमशेदपुर: आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर सोनारी थाना अंतर्गत न्यू कपाली बस्ती, झाबरी बस्ती व खुंटाडीह, जुगसलाई थाना अंतर्गत खटीक मोहल्ला व रेलवे लाइन किनारे, बागबेड़ा थाना अंतर्गत गांधीनगर, परसुडीह थाना अंतर्गत गोलपहाड़ी न्यू बस्ती, बिरसा नगर थाना अंतर्गत संडे मार्केट, कदमा थाना अंतर्गत जयप्रभा नगर व रामजनम नगर और उलीडीह थाना अंतर्गत न्यू उलीडीह बस्ती व संकोसाई में अवैध शराब बिक्री स्थलों पर छापेमारी कर चार शराब विक्रेताओं को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार शराब विक्रेताओं में जुगसलाई निवासी रंजन पांडे, सोनारी न्यू कपाली बस्ती निवासी रोहित वर्मा, न्यू उलीडीह बस्ती निवासी डीबर कालुंडिया और संकोसाई रोड नंबर 5 का रहने वाला संजय तिर्की शामिल है। वहीं छापेमारी के दौरान संबंधित थाना क्षेत्रों में भगदड़ मच गई। जिसका फायदा उठाकर चार शराब विक्रेता मौके से फरार होने में सफल रहे। जिनके विरुद्ध संबंधित थाने में उत्पाद विभाग की टीम ने मामला भी दर्ज कराया है। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 240 लीटर महुआ शराब भी बरामद किया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
