धनबाद: धनबाद में सुबह से धूप-छांव के बीच उमस भरी गर्मी है। तापमान 35 डिग्री पर पहुंच गया है। धूप नहीं खिलने के बाद भी गर्मी का एहसास हो रहा है। पर अब से कुछ देर में धनबाद का मौसम बदल सकता है। आसमान में बादल छाने लगे हैं। धनबाद से सटे जामताड़ा और देवघर व दुमका में कुछ देर में तेज गर्जन के साथ बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। इस दौरान आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई स्थानों पर तीन अगस्त को गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद चार से सात अगस्त तक राज्य बड़े हिस्से में मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है। छह अगस्त को उत्तर पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का भी अनुमान है। धनबाद भी उत्तर पूर्व के जिलों में ही है। यहां भी तेज बारिश हो सकती है।
इससे पहले गुरुवार की रात से लगातार 29-30 घंटों तक हुई बारिश से पूरे जिले में जल प्रलय जैसी परिस्थिति बन गई थी। दर्जनों बिजली के पोल, पेड़ और झोपड़ियां बारिश से ध्वस्त हो गई थीं। नदियों में उफान आ गया था। अत्यधिक बारिश के कारण धनबाद से बंगाल के बीच ट्रेनों के पहिए तक थम गए थे। हालांकि इस बार की बारिश के तबाही मचाने की संभावना कम है। पर लगातार बारिश हुई तो परेशानी बढ़ सकती है।
अगले चार-पांच दिनों में मौसम में नहीं होगा बदलाव
शनिवार के बाद से बारिश नहीं होने से शहर का तापमान बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों तक तापमान में कोई बदलाव न होने का अनुमान जताया है। मौसम में बदलाव न होने से उमस बरकरार रह सकती है। हालांकि बारिश से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

