जमशेदपुर: कदमा थाना अंतर्गत उलियान बस्ती हरि मंदिर के पीछे शिव हनुमान मंदिर के पास फायरिंग करने और पुलिस के पहुंचने पर थाने के एएसआई किस्टो माझी पर पिस्टल तानने के मामले में पुलिस ने उलियान शिवजी पथ निवासी अपराधी रघुनाथ मन्ना उर्फ रघु को गुरुवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मामले में एएसआई किस्टो माझी के बयान पर चार अपराधियों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें रघुनाथ मन्ना, कदमा उलियान टैंक रोड निवासी गोपीनाथ पात्रो, उलियान गली का रहने वाला उमेश प्रमाणिक और रामजनम नगर निवासी सूरज प्रमाणिक को आरोपी बनाया गया है। घटना में आरोपियों के खिलाफ एक राय होकर आपराधिक षडयंत्र कर सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध हथियार के साथ पकड़े जाने का मामला दर्ज किया गया है। घटना के वक्त अपराधी रघुनाथ मन्ना के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, लोडेड मैगजीन जिसमें तीन जिंदा कारतूस थे और एक खोखा बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधी रघुनाथ मन्ना भानु माझी गिरोह का सदस्य है। वहीं भानु को कपाली ओपी पुलिस ने कुछ दिनों पहले ही अवैध देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। बाकी के अन्य तीन बदमाश भी भानु माझी गिरोह के ही हैं। इससे पहले भी गिरफ्तार अपराधी रघुनाथ पर कदमा थाना में आर्म्स एक्ट हत्या की कोशिश समेत चार मामले दर्ज है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

