पलामू: पलामू जिले के लिए रविवार को राहत भरी खबर आई. एनएचएआई की ओर से एमएमसीएच में 100 बेड का ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का निर्णय लिया गया. सोमवार से ऑक्सीजन प्लांट लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी. ऑक्सीजन प्लांट के मदद से 100 बेड को सप्लाई की जाएगी.
पलामू के उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर तथा एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रभात कुमार ने एमएमसीएच स्थित जीएनएम कॉलेज के पीछे ऑक्सीजन प्लांट लगाने हेतु स्थान को चिन्हित किया.एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रभात कुमार ने बताया कि एनएचएआई द्वारा एमएमसीएच में एक ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना की जायेगी. इस ऑक्सीजन प्लांट की मदद से 100 बेड तक ऑक्सीजन पहुंचाया जाएगा. ऑक्सीजन प्लांट के लिए स्थल को चिन्हित कर लिया गया है.
उप विकास आयुक्त ने बताया कि पलामू जिला प्रशासन कोरोना के तीसरे वेव को लेकर सचेत है. इससे पूर्व एमएमसीएच में गुड़गांव की ग्रीन ग्रेस कंपनी के द्वारा ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है, जिससे 100 बेड तक ऑक्सीजन सप्लाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि ग्रीन ग्रेस कंपनी के द्वारा डीसीएचसी तथा डीसीएच में 50 और बेडों पर ऑक्सीजन सप्लाई कराने की बात कही गई है. अगले रविवार तक ग्रीन ग्रेस कंपनी के द्वारा एमएमसीएच अस्पताल में 100 बेड ऑक्सीजन सप्लाई कर दी जाएगी. इसके अलावा उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी के बिल्डिंग में भी जिला प्रशासन के द्वारा 28 बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई कराई जाएगी. ऐसे में जिले भर में 278 बेड ऑक्सीजन युक्त हो जाएंगे.
मौके पर उप विकास आयुक्त से शेखर जमुआर के साथ एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रभात कुमार, ग्रीन ग्रेस कंपनी के अंकित, एडीएफ अक्षय चौहान सहित स्वास्थ्य डीपीएम दीपक कुमार मौजूद थे.

