रांची: झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू आज विदा हो गईं। वे अपने गृहनगर ओडिशा के रायरंगपुर के लिए आज सोमवार को रांची एयरपोर्ट से रवाना हुईं। इस मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने उन्हें विदाई दी। इसके अलावा मुख्य सचिव और लगभग सभी विभाग के अधिकारी-पदाधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि झारखंड में नए राज्यपाल रमेश बैस नियुक्त किए गए हैं। वे 14 जुलाई को शपथ ग्रहण करेंगे।
जाने से पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन के सभी पदाधिकारियों/कर्मियों से मुलाकात की तथा कार्य में सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव वंदना दादेल, दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी, मुख्यमंत्री के सचिव विनय चौबे, महाधिवक्ता राजीव रंजन, उपायुक्त रांची छवि रंजन, एसएसपी रांची सुरेंद्र झा तथा मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन सहित अन्य ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी।
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने पेश किया गुड गवर्नेंस का बेहतरीन उदाहरण : हेमंत
इससे पूर्व झारखंड सरकार ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में रविवार को विदाई समारोह का आयोजन किया। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में सादगी और भावपूर्ण माहौल में आयोजित इस विदाई समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा विधानसभाध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, मिथिलेश कुमार ठाकुर, बादल, सत्यानंद भोक्ता, बन्ना गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुर्मू को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गुड गवर्नेंस का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

