झारखंड में मेडिकल ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने के लिए 7 नए PSA प्लांट का उद्घाटन CM हेमंत सोरेन ने बुधवार को किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो भी स्वास्थ्य संरचनाएं खड़ी की गई हैं, इसका कोरोना महामारी के अलावा भविष्य में भी बेहतर इस्तेमाल हो,इसे सुनिश्चित करना जरूरी है।
CM ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक स्वास्थ्य से संबंधित आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोगों को उनके घर के निकटवर्ती अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर चिकित्सीय लाभ मिल सके।
CM ने कहा कि लगभग 2 वर्ष पहले हमारी सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी कि कोरोना की जांच की सुविधा तक राज्य में उपलब्ध नहीं थी। लेकिन, आज हर जिले में PSA प्लांट अधिष्ठापित किए जा चुके हैं। कोरोना की जांच के लिए RTPCR और अत्याधुनिक कोबास मशीन भी यहां है। 2500 से अस्पतालों में लगभग 25 हज़ार बेड उपलब्ध हैं। अब राज्य में ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड, ICU और वेंटीलेटर की पर्याप्त उपलब्धता है।
लोगों को जागरूक करना जरूरी
कोविड-19 महामारी कब तक जारी रहेगा । इसका आकलन करना बेहद मुश्किल है। लेकिन, ऐसे हालात में इसके संक्रमण से बचने के लिए हम सभी को सावधान तथा सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर चिकित्सीय व्यवस्था तो कर ही रही है । लेकिन, इसके साथ इस महामारी से बचाव के तौर- तरीके लोगों को बताने के साथ कोविड-19 दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराना सबसे ज्यादा अहमियत रखता है।
यहां अधिष्ठापित किए गए हैं पीएसए प्लांट
पाथ संगठन के सहयोग से रांची के सदर अस्पताल में 2, जमशेदपुर के मर्सी हॉस्पिटल में 1, रामगढ़ ट्रॉमा सेंटर में 1, देवघर सदर अस्पताल में 1 और चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम) व कुचाई (सरायकेला- खरसावां) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 1 -1 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट अधिष्ठापित किए गए हैं ।

