जमशेदपुर : टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इन्फ्राट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व में जुस्को) के द्वारा लाखों रुपए की लागत से जाम से निजात पाने के लिए कदमा बाजार मेन रोड में सुंदर पार्किंग का निर्माण किया गया है। विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि पार्किंग निर्माण में लगभग 50 लाख रुपए खर्च हुए हैं।
वहीं कदमा बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को सड़क पर गाड़ी ना लगाकर पार्किंग में लगाने के उद्देश्य से निर्माण किया गया था। ताकि सड़क अवरुद्ध ना हो। मगर वर्तमान में पूरे पार्किंग पर दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। साथ ही इसके एवज में दुकानदार रोजाना 30 से 50 रुपए का पार्किंग शुल्क भी चुकाते हैं। मगर जिला प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। जबकि त्योहार के समय पार्किंग पर बसी दुकान जिला प्रशासन के लिए भी सर दर्द बन जाती है।
वहीं पार्किंग पर दुकान होने के कारण बाजार आने वाले ग्राहक अपने वाहनों को सड़क पर ही लगा देते हैं। जिससे घंटो जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही यातायात को पुनः बहाल करने के लिए स्थानीय पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है। और तो और पार्किंग में अवैध रूप से कब्जा किए हुए दुकानदारों के कारण बाजार के स्थाई दुकानदारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो स्थाई दुकानदार और कब्जा किए हुए दुकानदारों के बीच ग्राहक को लेकर झड़प भी हो जाती है। टाटा स्टील जमशेदपुर शहर में बसने वाले शहर वासियों के कल्याण के लिए बहुत कुछ कर रही है। मगर जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण वे अपने उद्देश्य में सफल नहीं हो पा रहे हैं। अब आगे देखना यह है कि जिला प्रशासन की नजर कब तक इस अवैध दुकानदारों पर पड़ती है और कब तक उनके द्वारा कार्रवाई की जाती है।

