सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर इलाके के केरिया में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार राजकुमार नायक ऑटो चलाने के लिए बैंक से लोन लिया था। जिसे जमा करने का बहुत ज्यादा दबाव था। इसकी वजह से घर में उसकी पत्नी से बराबर विवाद होता था। आखिरकार युवक ने मौत को गले लगा लिया। स्थानीय लाेगों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले अपने गांव तरगा पाकर टोली थाना बांसजोर से आकर युवक ने केरिया में शादी की थी। अपने परिवार के साथ यहीं रह रहा था। पत्नी से विवाद के बाद कई बार पंचायत ने सुलह कराई। घरेलु विवाद नहीं थमा। युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा भेज दिया है। पुलिस की टीम ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस की ओर से इस बारे में स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बैंक से मांगा जाएगा ब्यौरा
पुलिस की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि सूत्रों की माने तो पुलिस इस बारे में बैंक से जानकारी मांगेगी। लोन का ब्यौरा लिया जाएगा। परिवार से भी इस बारे में जानकारी ली जाएगी। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिवार के लोग भी पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि घटना की सही तरीके से जांच की जाए। पुलिस इस मामले में सभी जरूरी पहलुओं को खंगाले।
युवक कुछ दिनों से लोगों से नहीं कर रहा था बातचीत
कुछ लोगों ने पुलिस को बताया है कि युवक कुछ दिनों से बेहद शांत रह रहा था। वह किसी से कोई बात नहीं कर रहा था। बताया जा रहा है कि युवक पर दोहरा मानिसक दबाव था। एक तरफ बैंक का मामला नहीं सुलझ रहा था। दूसरी तरफ पारिवारिक विवाद नहीं थम रहा था।

