धनबाद। तमाम जागरूकता अभियान के बावजूद साइबर अपराधी हर दिन किसी ना किसी को फंसा रहे हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने धनबाद में तीन लोगों को झांसा देकर करीब दो लाख की संपत्ति उड़ा ली। साइबर अपराधियों का शिकार बननेवालों में आइआइटी आइएसएम के प्रो. तरुण कुमार चटर्जी भी हैं। उनके खाते से 49 हजार 648 रुपये उड़ा लिए गए। साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है। कुरियर सेवा के नाम पर ठगी हुई। सेवा के बदले उनसे गूगल पे के द्वारा पांच रुपये मांगे गए। इसके कुछ देर बाद ही उनके बैंक खाते से 49 हजार 648 रुपये की निकासी हो गई।
कतरास की महिला से 50 हजार की ठगी
वहीं कतरास की महिला पुष्पांजलि देवी के खाते से भी 50 हजार रुपये उड़ा लिए गए। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि उनका बैंक आफ इंडिया, कतरासगढ़ में खाता है। 30 अगस्त को पुत्र को पैसे निकालने के लिए एटीएम कार्ड दिया था। पैसे निकालने के बाद एटीएम कार्ड घर में ही था। 31 अगस्त की रात 11:59 बजे उनके खाते से 15-15 हजार रुपये की निकासी का मैसेज आया। एक सितंबर को फिर रात में 15 हजार रुपये निकासी का मैसेज आया। तीन सितंबर की सुबह पांच हजार, फिर 500 रुपये की निकाल लिए गए। इसके बाद उन्होंने बैंक में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब थाना में शिकायत की।

