दुमका: केरल में फंसे दुमका के मजदूरों की वापसी होने जा रही है। झारखंड सरकार के प्रयास से सभी मजदूरों की वापसी कराई जा रही है। केरल से मजदूर अलेप्पी-धनबाद एक्सप्रेस पर सवार होकर चल चुके हैं। अलेप्पी एक्सप्रेस गुरुवार दोपहर में धनबाद आएगी। धनबाद रेलवे स्टेशन से मजदूरों को बस से दुमका के लिए रवाना किया जाएगा। इसके लिए दुमका जिला प्रशासन ने तैयारी की है।
रामगढ़ प्रखंड की कांजवे एवं भालसुमर पंचायत के कई गांवों के ग्रामीण केरल से घर वापसी की गुहार लगाई थी। वहां से मजदूरों ने वीडियो बनाकर राज्य के परिवहन मंत्री चंपाई सोरेन समेत अन्य को भेजा था। मंत्री ने उपायुक्त को जल्द सभी मजदूरों को वापस लाने के लिए निर्देश दिया। इसके बाद वापस लाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इस संबंध में मजदूरों ने वीडियो जारी कर बताया कि उनलोगों को रामगढ़ प्रखंड की कांजवे पंचायत अंतर्गत पुनसिया गांव का पटवारी हांसदा रोजगार दिलाने के नाम पर केरल ले गया था।
पटवारी हांसदा ने मजदूरों को बताया कि केरल में रोजगार दिया जाएगा। सभी मजदूरों से आधार कार्ड और एक-एक हजार रुपये नकद लिया गया है। पटवारी ने मजदूरों को भेज दिया और कहा कि वह भी आ रहा है। जब मजदूर केरल पहुंचे तो वहां पटवारी नहीं था। मजदूरों ने पटवारी हांसदा से संपर्क किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद मजदूरों ने वाहन चालक से अपने आधार कार्ड की मांग की तो चालक ने कहा कि एक हजार रुपये देने के बाद ही आधार कार्ड देगा। मजदूरों ने कहा कि जो भी राशि खर्च के लिए लाए थे, वह खत्म हो गई है। मजदूर भूखे रहने को मजबूर हैं। आधार कार्ड ले लेने के कारण वे सभी दूसरे जगह पर काम भी नहीं कर पा रहे हैं। बच्चे व मजदूर मिलाकर कुल 36 लोग वहां पर फंसे हुए हैं। मजदूरों ने घर वापसी का अनुरोध राज्य सरकार से किया।

