रांची : रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस आखिरकार गुरुवार काे लाेहरदगा रूट से शुरू हाे गई। रांची स्टेशन पर शाम 6:25 बजे सांसद संजय सेठ, दीपक प्रकाश, महेश पाेद्दार और विधायक सीपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। लेकिन पहले ही दिन भारी गफलत हुई। रेलवे ने ट्रेन काे नए रूट से चलाने की तैयारी नहीं की। पहले इसे कैंसिल कर दिया। फिर आनन-फानन में चला दिया। नतीजा यह हुआ कि यह ट्रेन बरकाकाना स्टेशन पर करीब 145 यात्रियाें काे छाेड़ गई।
इस ट्रेन के गुरुवार काे लाेहरदगा हाेकर चलने की अधिसूचना जारी हाे गई थी। लेकिन बुधवार शाम रांची सांसद संजय सेठ काे बताया गया कि तकनीकी कारणाें से यह ट्रेन पुराने रूट बरकाकाना हाेकर ही जाएगी। दूसरे दिन इस रूट से राजधानी एक्सप्रेस चलेगी। रेलवे अधिकारियाें के मुताबिक बरकाकाना से जाने वाले यात्रियाें काे मैसेज भेज दिया गया था कि ट्रेन नए रूट से जाएगी। इसलिए वे रांची स्टेशन पर पहुंच जाएं।
आखिरकार पुराने नंबर से ही नई रूट पर रेलवे को चलानी पड़ी राजधानी एक्सप्रेस
ट्रेन काे नए रूट से चलाने के लिए ट्रेन नंबर के साथ सिस्टम में भी जरूरी बदलाव करना था। लाेहरदगा हाेकर जाने वाली राजधानी का नंबर 06145 है, जबकि बरकाकाना हाेकर जाने वाली ट्रेन का नंबर 02453 है। जैसे ही नए नंबर काे कंप्यूटर सिस्टम में डाला, सभी यात्रियाें की टिकट कैंसिल दिखने लगी, यह देख अधिकारियाें के पसीने छूट गए। क्याेंकि अगर नए नंबर से ट्रेन रवाना करते ताे सभी की टिकट कैंसिल हाे जाती। आखिरकार पुराने नंबर से ही ट्रेन को रवाना करना पड़ा।
तीन महीने तक पुराने नंबर से ही चलेगी ट्रेन
डीआरएम प्रदीप गुप्ता ने कहा कि ट्रेन के नंबर काे लेकर सारी गड़बड़ी हुई है। फिलहाल तीन महीने तक यह ट्रेन पुराने नंबर से ही चलेगी। सप्ताह में एक दिन रविवार काे यह लाेहरदगा हाेगर, एक दिन बरकाकाना हाेकर और दाे दिन बाेकाराे हाेकर जाएगी।

