कोडरमा पुलिस ने धोखे से ATM कार्ड बदलकर अवैध निकासी मामले का खुलासा करते हुए इंटर स्टेट गिरोह का एक सदस्य को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी नदीम खान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहनेवाला है. इस दौरान पुलिस ने दो मोबाइल समेत एक कार को भी बरामद किया है.
काेडरमा क्षेत्र में पिछले कई समय से धोखे से ATM कार्ड बदलकर अवैध निकासी की घटना घटित हो रही थी. इस मामले में तिलैया और कोडरमा थाना में मामला दर्ज हुआ था. इसके आधार पर कोडरमा एसपी के निर्देशानुसार एक अनुसंधान दस्ता का गठन किया गया. गठित टीम ने अपने स्तर से जांच पड़ताल शुरू की. तकनीकी साक्ष्य के आधार पर टीम को अपराधियों का नाम और लोकेशन उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिला अंतर्गत चिरचिटा गांव की जानकारी मिली.
यूपी से आरोपी की हुई गिरफ्तारी
जानकारी मिलते ही टीम ने उत्तर प्रदेश के स्थानीय थाना के सहयोग से इस मामले का एक आरोपी नदीम खान (22 वर्ष) पिता हासिन खान, ग्राम-चिरचिटा, थाना-सलेमपुर, जिला-बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी नदीम खान से पुलिस ने पूछताछ किया, तो उसने सभी राज उगल दिये.

