झारखंड के धनबाद जिले में कोयले के अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसने से एक ही परिवार की महिलाओं की मौत हो गयी है, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों में एक युवती व एक महिला शामिल हैं. ये नानी व पोती बताई जा रही हैं. बाघमारा विधायक ढुलू महतो के आवास से कुछ ही दूरी पर ये घटना घटी है. बताया जा रहा है कि सूचना मिलते ही लोग पहुंचे और शवों को बाहर निकाला. इसके बाद लोगों ने आनन-फानन में इनका अंतिम संस्कार कर दिया.
नानी-पोती की मौत
धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र के मुराईडीह फॉर एच पैच (निकट चिटाही बस्ती) में कोयले के अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसने से टुंडू बरमसिया के 20 वर्षीया युवती व 55 वर्षीया महिला की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. दोनों मृतक एक ही घर की थीं. ये रिश्ते में नानी व पोती बताई जा रही हैं, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं.

