रांची: झारखंड के खलारी में 28 वर्षीय अमन सिंह नामक CCL कर्मी की संदेहास्पद मौत हो गई है। मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है, लेकिन ट्रेड यूनियन के लोग शव को उठाने नहीं दे रहे हैं।
यूनियन के लोग मृतक की पत्नी राखी सिंह और सास राधिका कुंवर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जबकि मृतक के साले सुशील सिंह उर्फ गोलु को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मृतक की पत्नी के मुताबिक अमन आत्महत्या किया है। वहीं घटना की सूचना पाकर पैतृक गांव बिहार के औरंगाबाद से खलारी पहुंचे मृतक के पिता का आरोप है कि पत्नी ने अपनी मां और भाई के साथ मिलकर अमन की हत्या की है। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। इनकी नजर नौकरी पर थी।
पड़ोसी भी जता रहे हैं हत्या की आशंका
पूरी घटना देर रात 1 बजे के बाद हुई है। शोर सुनकर जब आसपास के लोगों ने दरवाजा खुलवाया तब अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक जब दरवाजा खुला तब अमन का शव जमीन पर पड़ा था। पंखा चल रहा था। घर में कहीं कोई फंदा नहीं दिखा। अमन का शव जमीन पर पड़ा था। पंखा चल रहा था। घर में कहीं कोई फंदा नहीं दिखा। अमन के गले पर निशान है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर अमन की हत्या की गई है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई : पुलिस
घटना की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साले को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि सास और पत्नी को हाउस अरेस्ट में रखा जाएगा। पिता की शिकायत के बाद मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
7 साल पहले लगी थी नौकरी, 3 साल पहले हुई थी शादी
अमन CCL के डकरा साइड में टेक्निकल इंस्पेक्टर के पोस्ट पर तैनात था। वो यहां पिछले 7 साल से काम कर रहा था। मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले अमन की शादी 3 साल पहले ही अपने जिले के एक गांव में हुई थी। उसकी एक डेढ़ साल की बच्ची भी है। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन रह रही थी। दो-तीन बार परिजनों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था।

