गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना अंतर्गत टिसरटेटुका पंचायत के टेटम जंगल में मंगलवार की सुबह शिकार के दौरान गुफा में घुसे तीन शिकारियों की मौत गुफा में दम घुटने से हो गई। मृतकों में एक मृतक की पहचान डंडई थाना क्षेत्र के चकरी टोला निवासी उपेंद्र कोरवा पिता रघुनाथ कोरवा के रूप में हुई है। वहीं दो अन्य मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मेराल थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, एसआई अजीत कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की देर रात नौ लोग शिकार के लिए जंगल गए थे। इनमें तीन लोग शिकार के लिए गुफा में घुसे। जबकि छह बाहर उनका इंतजार कर रहे थे। देर तक जब वे बाहर नहीं निकले। तो उन्होंने आवाज लगाई।
इसके बाद उधर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन लोगों ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। और वहीं से वे फरार हो गए। जानकारी के अनुसार अभी तक एक का शव निकाला गया है। जबकि गुफा में फंसे दो लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ के टीम को सूचना भेजी गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय मुखिया महेंद्र रवि, दुलदुलवा के मुखिया पति रामप्रताप साव सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंच कर गुफा में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया। परंतु उन्हें निकालने में सफलता नहीं मिल सकी है।

