धनबाद: अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए धनबाद के झरिया आ रही एक महिला समेत उसके पिता और उसकी 5 साल की बच्ची की मंगलवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा टुंडी थाना क्षेत्र के गादी टुंडी के पास हुआ। मंगलवार की दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार बच्ची समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला ने गंभीर अवस्था में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाने के बाद दम तोड़ दिया। ड्राइवर के अलावा कार में पिता-पुत्री और दो बच्चियां सवार थीं।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह के शास्त्री नगर से धनबाद जाने के क्रम में गादी टुंडी के पास कार चालक चकमा खा कर असंतुलित हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार की वजह से यह हादसा हुआ। हादसे में कार (जेएच 01आर 7285) पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे में मृत लोगों की पहचान 52 वर्षीय सरयू चौरसिया, 5 वर्षीय दीप्ति कुमारी और पायल चौरसिया के रूप में हुई है। वहीं ड्राइवर ऐनुल अंसारी समेत एक अन्य बच्ची रिया कुमारी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
बताया जाता है की हादसे में मृत पायल चौरसिया की ससुराल गिरिडीह के शास्त्री नगर में है सुबह ही उसके पिता सरजू चौरसिया झरिया से उसे लेने आए थे पायल के भाई की 9 मई को शादी होने वाली है इसी में शामिल होने के लिए वह अपनी दो बच्चियों के साथ घर से निकली थी किताब बस से झरिया से आए थे और गिरिडीह में ही किराए पर कार ली थी हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। इधर हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंचे टुंडी थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर आवागमन बहाल कराया। पुलिस ने पायल के पति रोहित चौरसिया को भी हादसे की सूचना दे दी है रोहित सड़क निर्माण करने वाली एक निजी कंपनी में सर्वेयर का कार्य करता है।

