कोडरमा में सोमवार की सुबह बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि टक्कर मारकर भाग रही बस एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में 20 यात्री घायल हाे गए। घटना कोडरमा-गिरिडीह मार्ग स्थित लोकाई तालाब के पास हुई। मिली जानकारी के अनुसार, गौरव मिनी बस सरिया (गिरिडीह) से कोडरमा के रास्ते नवादा बिहार जा रही थी। इसी क्रम में लोकाई तालाब के समीप बाइक सवार को अपने चपेट में ले लिया।
हादसे में बाइक सवार गोमिया बोकारो निवासी धनेश्वर कुमार के पुत्र पंकज कुमार (35 वर्ष) और एक अज्ञात युवक की मौत मौके पर ही हो गई। घटना के बाद बस भागने के चक्कर में कुछ दूर जाकर संत क्लियर स्कूल के पास एक ट्रक से जा टकराई। इससे बस के परखच्चे उड़ गए और बस में सवार दो दर्जन के करीब यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार बस चालक नशे की हालत में था। इस कारण यह दुर्घटना हुई। बस सवार सभी घायलों को स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सक के अनुसार कुछ की स्थिति गंभीर है। जबकि बकिया खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घायल यात्रियों में रहमान मियां 70 वर्ष, माधोपुर सतगावां, गुलाम रसूल 70 वर्ष, चेंजखो गिरिडीह, बिंदा देवी 50 वर्ष, चित्रकोली, मीरा देवी 51 वर्ष, रजौली, मीरा देवी 50 वर्ष, गिरिडीह, रंजू देवी 45 वर्ष, डोमचांच, प्रियंका कुमारी 23 वर्ष, पालोनजीया, कृष्णा शर्मा 45 वर्ष, इंदिरवा बस्ती तिलैया, मंजूर अंसारी 55 वर्ष, राजधनवार, आशा देवी 55 वर्ष, सपना देवी 25 वर्ष, राजधनवार, लकी कुमार 2 वर्ष, पिता सूरज रावत, राजधनवार, रूही कुमारी 3 वर्ष, पिता सूरज रावत राजधनवार, रिशु कुमार 13 वर्ष, पचगांवा, ऋतिका कुमारी 11 वर्ष, पिंटू राणा पचगांव, इशिका कुमारी 9 वर्ष, आरूषी कुमारी 7 वर्ष, जागेश्वर राणा 66 वर्ष, पचगांवा और बस चालाक मानव सिंह 50 वर्ष, सरिया शामिल हैं।

