कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़दाग गांव में मंगलवार को मजिस्ट्रेट बेलासिस केरकेट्टा की मौजूदगी में जमीन में दफन 8 साल के बच्चे का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। बच्चे के परिजनों ने पुलिस को बिना बताए शव को जंगल में दफन कर दिया था। परिजनों के अनुसार, बच्चे की मौत पोखरा में नहाने के दौरान हुई है।
मालूम हो कि घोड़दाग गांव निवासी अवध यादव का बेटा कृष्ण कुमार सोमवार की शाम नजराही पोखरा में नहाने गया था। नहाने के क्रम में गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों द्वारा सोमवार शाम को ही चटनियां वन क्षेत्र में शव को दफना दिया गया। इस घटना की सूचना मिलने के बाद कांडी पुलिस ने मंगलवार को शव को कब्र से निकाल पोस्टमाॅर्टम के लिए गढ़वा भिजवा दिया गया।

