पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंदकाटा गांव में एक पिता ने अपने दो बच्चों की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद गला दबाकर दोनों की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची चक्रधरपुर पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब तक की जांच में पता चला है कि घटना पारिवारिक विवाद के कारण हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हत्यारे पिता का नाम मुकेश महतो था। उसकी उम्र करब 35 वर्ष थी। उसने अपने बड़े बेटे 12 वर्षीय संगम महतो और 9 वर्षीय बेटी मानसी महतो की हत्या की। इसके बाद खुद फांसी पर लटक गया। मुकेश महतो के ससुर के मुताबिक मुकेश अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ घर के बाहर सो रहा था। मंगलवार की रात को अचानक मुकेश उठा और अपने दो बच्चों को साथ लेकर घर के अंदर चला गया।
इसके बाद उसने दोनों बच्चों की पिटाई की। उसके बाद उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह भी फंदा लगा कर उसमें लटक गया। अपने दो मासूम बच्चों और पति का शव देखकर पत्नी संजू महतो का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि 15 साल पहले संजू महतो ने मुकेश महतो से प्रेम विवाह किया था। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे।

